अभिनेता आमिर खान एक बार फिर अपने विज्ञापन के चलते विवादों में आ गए हैं। आमिर खान और एक्ट्रेस कियारा आडवाणी के इस पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। वहीं मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी  इस ऐड को लेकर आमिर खान को नसीहत दी है। 

मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि  मैंने ये भी विज्ञापन देखा है और इससे मेरी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि आमिर खान लगातार इस तरह के विज्ञापन और फिल्म कर रहे है जो बड़े वर्ग की आस्था से खिलवाड़ कर रही हैं उन्हें ऐसा करने से बचना चाहिए। उन्होंने आमिर को नसीहत दिए कि वे भारतीय परम्पराओं और रीति रिवाजों को ध्यान में रखकर ही विज्ञापन करें।    

यह विवादित विज्ञापन एक बैंक का है। जिसमें आमिर और कियारा शादी के जोड़े में नजर आ रहे हैं। विज्ञापन में आमिर और कियारा आडवाणी को विवाह के बाद कार में अपनी शादी से घर जाते हुए दिखाया गया है। वे आपस में बात करते हैं कि उनमें से कोई भी अपने घर से निकलने से पहले विदाई के दौरान नहीं रोया। तब यह पता चलता है कि सामान्य प्रथा के उल्टा, यह दूल्हा है, जो कियारा के बीमार पिता की देखभाल करने में उनकी मदद करने के लिए दुल्हन के घर गया है। दुल्हन के ऐसा करने की परंपरा के विपरीत, दूल्हा उसके नए घर में पहला कदम रखता है। आमिर फिर एक बैंक में दिखाई देते हैं और हिंदी में कहते हैं, ‘सदियों से चली आ रही परंपराएं क्यों चलती रहें? इसलिए हम हर बैंकिंग परंपरा पर सवाल उठाते हैं। ताकि आपको बेहतरीन सेवा मिले।’

फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने भी ट्विटर पर विज्ञापन शेयर करते हुए लिखा, ‘मैं यह समझने में असफल रहा कि सामाजिक और धार्मिक परंपराओं को बदलने के लिए बैंक कब से जिम्मेदार हो गए हैं? मुझे लगता है कि @aubankindia को भ्रष्ट बैंकिंग सिस्टम को बदलकर सक्रियता दिखानी चाहिए।’  विवेक ने आगे लिखा, ‘ऐसी बकवास करते हैं फिर कहते हैं हिंदू ट्रोल कर रहे हैं। बेवकूफ।’