नहीं रहे CPIM महासचिव सीताराम येचुरी, दिल्ली के एम्स में चल रहा था इलाज


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी CPI (M) के महासचिव सीताराम येचुरी का निधन हो गया। उन्होंने 72 साल की उम्र में आखिरी सांस ली..!!

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी CPIM के महासचिव सीताराम येचुरी का निधन हो गया। उन्होंने 72 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। सीताराम येचुरी को दिल्ली एम्स के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। CPI(M) ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि एम्स के आईसीयू में इलाज करा रहे 72 वर्षीय येचुरी तीव्र श्वसन संक्रमण से पीड़ित थे।

CPI(M) नेता येचुरी को बुखार की शिकायत के बाद 19 अगस्त को एम्स के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया था। उन्हें निमोनिया के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था और यह कोई गंभीर बात नहीं थी। CPI(M) नेता का हाल ही में मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था।

सीताराम येचुरी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी CPI(M) के महासचिव थे। वह 1992 से CPI(M) के पोलित ब्यूरो के सदस्य भी थे। इससे पहले येचुरी 2005 से 2017 तक पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सांसद थे। येचुरी 1974 में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) में शामिल हुए और एक साल बाद वह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) में शामिल हो गए।

आपको बता दें कि सीताराम येचुरी का जन्म 12 अगस्त 1952 को मद्रास (चेन्नई) में एक तेलुगु भाषी ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनके पिता सर्वेश्वर सोमयाजुला येचुरी आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में इंजीनियर थे। उनकी मां कल्पकम येचुरी एक सरकारी अधिकारी थीं। वह हैदराबाद में पले-बढ़े और दसवीं कक्षा तक ऑल सेंट्स हाई स्कूल, हैदराबाद से पढ़ाई की।

सीताराम येचुरी ने प्रेसिडेंट एस्टेट स्कूल, नई दिल्ली से पढ़ाई की और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की उच्च माध्यमिक परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम रैंक हासिल की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के सेंट स्टीफेंस कॉलेज से अर्थशास्त्र में बीए (ऑनर्स) और फिर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में एमए की पढ़ाई की। जब वे आपातकाल के दौरान जे.एन.यू. में छात्र थे, तब उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।