साउथ फिल्मों की सुपरहिट अभिनेत्री श्रिया सरन ने अपना 40 वां जन्मदिन मनाया। 11 सितंबर 1982 को जन्मी श्रिया हरिद्वार से ताल्लुक रखती हैं। श्रिया के परिवार से कोई भी व्यक्ति फिल्मी दुनिया से संबंध नहीं रखता है। इसके बाद भी अभिनेत्री ने भारतीय सिनेमा में न सिर्फ अपनी एक। अहम पहचान बनाई है बल्कि कई बड़े सितारों के साथ स्क्रीन भी शेयर किया है। श्रिया एक्टिंग ही नहीं बल्कि डांसिंग में भी किसी से कम नहीं हैं। उन्हें इंडियन क्लासिकल के साथ साथ वेस्टर्न डांस में भी महारथ हासिल है।
लेकिन अभिनेत्री की सिनेमा जगत में एंट्री कैसी हुई और कैसे उन्होंने अपनी बोल्डनेस से हंगामा मचा दिया था आइए आपको इसके बारे में बताते हैं। श्रिया ने फिल्मी दुनिया में कॉलेज के दिनों में ही कदम रख दिया था। जब वह दिल्ली के एक कॉलेज में अपने सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थीं तभी उन्हें एक म्यूजिक वीडियो का हिस्सा बनने का मौका मिला था। यह म्यूजिक वीडियो रेणु नाथन का 'थिरकती क्यूं हवा' था, जिसमें अभिनेत्री को डांस करने का बड़ा मौका मिला था। यह पहली बार था जब वह कैमरे के सामने परफॉर्म कर रही थीं और यहीं से अभिनेत्री की किस्मत पलट गई। उन्हें फिल्म 'इष्टम' के लिए साइन कर लिया था।
साउथ में शानदार काम करने के साथ ही श्रिया सरन ने बॉलीवुड में भी हाथ पैर मारने शुरू कर दिए थे। उन्होंने फिल्म 'तुझे मेरी कसम' से हिंदी सिनेमा में एंट्री की। लेकिन यह फिल्म कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बाद उन्होंने साल 2004 में फिल्म 'थोड़ा तुम बदलो थोड़ा हम' में काम किया था। श्रिया को असली पहचान मिली रजनीकांत की फिल्म 'शिवाजी द बॉस' से। इस फिल्म की सफलता के चलते उन्हें बेस्ट तमिल अभिनेता का अवॉर्ड भी मिला। वह बॉलीवुड फिल्म 'दृश्यम' में अजय देवगन की पत्नी के रोल में भी नजर आ चुकी हैं।
श्रिया सरन अपनी एक्टिंग के साथ-साथ बोल्ड अंदाज की वजह से भी कई बार लाइमलाइट बटोर चुकी हैं और इसी वजह से अभिनेत्री ने एक बार विवाद को भी जन्म दे दिया था। फिल्म 'शिवाजी द बॉस' में श्रिया का लुक काफी सिंपल था लेकिन इस फिल्म के सिल्वर जुबली फंक्शन में वह शॉर्ट डीप नेक वाली सफेद रंग की ड्रेस में नजर आई थीं। इस फंक्शन में तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री करुणानिधि बतौर गेस्ट मौजूद थे। श्रिया की शोर्ट ड्रेस को लेकर काफी बवाल हुआ था। कई राजनीतिक लोगों ने आपत्ति जताई थी। इसके लिए श्रिया को माफी भी मांगनी पड़ी थी।