राजनीति में अगर कोई चीज वायरल होती हैं तो फिर उस पर सियासत होना आम बात है. अक्सर नेता भी वह बयान देते है जिससे पुराने विवाद एक नई ख़बर बन सियासत को फिर से गरमाकर चर्चा का विषय बना देते हैं.
मध्यप्रदेश की सियासत भी भारत जोड़ो यात्रा के कारण काफ़ी गर्म हैं. एमपी में भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री कल हो रही है. इससे पहले ही कांग्रेस-बीजेपी में वार-पलटवार का दौर शुरू हो गया है. इस वार पलटवार के बीच 21 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा के समन्वयक दिग्विजय सिंह का एक वीडियो तेज़ी से वायरल हुआ था.
रात में वीडियो वायरल हुआ और अगले दिन ठीक सुबह राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस पर दिलचस्प कमेन्ट कर सियासत को गरमा दिया और अपने शब्द जाल से प्रदेश कांग्रेस के दो बड़े नेताओं को आपस में ही लपेट दिया.
नरोत्तम मिश्रा ने अपने बयान में दिग्विजय सिंह के वीडियो पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “उमंग भरा डांस और खुशी से दमकता चेहरा, आपकी धार दार चाल ऐसे ही बनी रहे”. नरोत्तम मिश्रा के इन चंद शब्दों के मायने सियासत में अब काफ़ी गहरे होते जा रहे हैं. जानिए क्यों?
संकट में उंमग सिंघार-
दिग्विजय सिंह का ये डांस उस दिन वायरल हुआ जब एमपी कांग्रेस के पूर्व मंत्री और विधायक उमंग सिंघार के खिलाफ उनकी पत्नी ने रेप केस दर्ज़ कराया. केस दर्ज़ होने के बाद से पुलिस उमंग सिंघार की तलाश में जुटी हुई है. अब नरोत्तम मिश्रा ने जो कहा उसे समझने के लिए आपको थोडा पीछे जाकर कमलनाथ सरकार का कार्यकाल याद करना पड़ेगा.
कमलनाथ सरकार के दौरान गरमाई थी सियासत-
कमलनाथ सरकार में वन मंत्री रहे उमंग सिंघार ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. सिंघार ने आरोप लगाते हुए कहा था कि दिग्विजय सिंह कमलनाथ सरकार को ब्लैकमेल करते हैं. वह 10 साल तक मुख्यमंत्री रहे हैं फिर भी कांग्रेस सत्ता में आई तो मलाई काटने क्यों आ गए? सिंघार ने गंभीर आरोप लगाया था कि प्रदेश में रेत खनन का काम दिग्विजय सिंह के इशारे पर चल रहा है. दिग्विजय सिंह के खिलाफ सिंघार ने कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र भी लिखा था.
दिग्विजय सिंह पर सिंघार के इन आरोपों से तब एमपी की सियासत गरमा गई थी. इन आरोपों के ज़रिये बीजेपी के तमाम नेताओं ने भी कांग्रेस को घेरने का पूरा प्रयास किया था. शिवराज सिंह चौहान ने तो कमलनाथ पर वार करते हुए ये तक कह दिया था कि कांग्रेस ने प्रदेश में सरकार इसलिए बनाई क्योंकि सत्ता की बंदरबांट हो और हिस्सेदारी के लिए लड़ाई-झगड़े हो? कांग्रेस में जो भी हो, लेकिन कम से कम मेरे मध्यप्रदेश को तो बर्बाद मत करो.
सिंघार पर संकट, लेकिन वायरल हुए दिग्विजय सिंह-
अब उमंग सिंघार पर आये संकट के दिन ही दिग्विजय सिंह का डांस वायरल हुआ. सियासी गलियारों में इस वीडियो पर कई कयास भी लगाये जा रहे हैं. भारत जोड़ो यात्रा के केम्प में ख़ुश होकर झूमते नज़र आ रहे दिग्विजय सिंह के पीछे आखिर माजरा क्या है?
अगर आप भी नरोत्तम मिश्रा के इन शब्दों को गौर से सुनेंगे तो आपको भी इस खुशी के पीछे का अलग माजरा साफ़ नजर आने लगेगा. वैसे सियासत भी शब्दों का ही खेल है शायद इसीलिए कहते हैं न कि सामने वाला जो बोलता है उसे ध्यान से सुनना चाहिए और खासकर बोलने वाला नरोत्तम मिश्रा जैसा नेता हो तो..!
पहले भी झूमते नजर आये थे दिग्विजय सिंह-
खैर, ये तो रही मंत्री नरोतम मिश्रा की बात लेकिन भारत जोड़ो यात्रा के समन्वयक दिग्विजय सिंह कन्याकुमारी से मध्यप्रदेश की दहलीज़ पर आ चुकी यात्रा के दौरान बेहत उत्साहित और ऊर्जा से भरे नजर आए हैं. इससे पहले भी वे यात्रा में आनंदित होकर झूमते नजर आ चुके हैं.
यही नहीं यात्रा के कैंप में वे अपनी उम्र को पीछे छोड़ते हुए क्रिकेट खेलते तक नजर आ चुके हैं. कभी गेंद हाथ में लेकर गुगली फेंकते, तो कभी बल्ला थाम शॉट जड़ते दिग्विजय के वीडियो पहले भी वायरल हो चुके हैं. अब यात्रा उनके गृहप्रदेश में प्रवेश कर रही है तो ज्यादा उत्साहित होना स्वभाविक है. अब विपक्ष तो विपक्ष है उसे भी कुछ तो कहना ही है. लेकिन हम तो यही कहेंगे ये सियासत है. इसमें अपना दिमाग लगाओ ओर किसी के कहे सुने पर न जाओ.