मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वागत में बुधवार को इंदौर में जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ा गणपति से प्रारंभ हुई उनकी आभार यात्रा में जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। उनकी आभार यात्रा राजबाड़ा में देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समाप्त हुई। 

सीएम ने करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा रोड शो किया। बड़ा गणपति से 5.30 बजे शुरू हुआ रोड शो करीब दो घंटे में राजवाड़ा पहुंचा। यहां सीएम ने अहिल्या माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। राजवाड़ा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सीएम ने ₹350 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ये एलिवेटेड कॉरिडोर सुगम यातायात की दिशा में इंदौर को अव्वल बनाएगा। वैसे भी इंदौर सात वर्षों से स्वच्छता के मामले में अपना परचम फहरा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाई हासिल कर रहा है। विकास कार्यों में धन की कमी कभी आड़े नहीं आयेगी। 

 एलिवेटेड कॉरिडोर एमआर-9 जंक्शन से शुरू होकर होलकर कॉलेज से पहले तक 7.43 किमी की लंबाई का बनेगा। एलिवेटेड कॉरिडोर की चौड़ाई 15.5 मीटर होगी। जिसका काम अहमदाबाद की कंपनी करेगी। बता दें कि एलिवेटेड कॉरिडोर को बनाने के लिए 24 महीने की समय सीमा तय की गई है।

इस दौरान  बड़ा गणपति से लेकर राजबाड़ा तक विभिन्न नागरिक संगठनों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत के लिए मंच लगाए गए थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ एक रथ में सवार होकर जन समुदाय का अभिवादन किया। इस दौरान विभिन्न संस्कृतियों का प्रदर्शन भी किया गया।