बॉलीवुड के 'किंग' शाहरुख खान को मुंबई एयरपोर्ट पर कस्‍टम नियमों के उल्‍लंघन के आरोप में शुक्रवार देर रात रोका गया। शाहरुख खान अपनी टीम के साथ शारजाह से लौट रहे थे।  पूछताछ के बाद सुबह करीब 5 बजे जुर्माना के तौर पर करीब सात लाख रुपये भरने के बाद सभी को छोड़ा गया है।

पूरा मामला मामला लाखों रुपये की कीमती की घड़ियों को भारत लाने और इसके लिए कस्टम ड्यूटी नहीं चुकाने का है। कस्‍टम अध‍िकारियों ने शाहरुख और उनकी पूरी टीम को न सिर्फ रोका, बल्‍क‍ि नियमों के उल्‍लंघन के आरोप में तकरीबन एक घंटे पूछताछ भी की। शाहरुख और उनकी मैनेजर पूजा ददलानी को घंटे भर बाद एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए देखा गया जबकि उनके बॉडीगार्ड रवि और टीम को कस्टम ने पकड़ रखा था। 

बताया जा रहा है कि शाहरुख अपनी टीम के साथ प्राइवेट चार्टर प्‍लेन से मुंबई लौटे थे। वह दुबई में एक बुक लॉन्च इवेंट से वापस आ रहे थे। एयरपोर्ट के T-3 टर्मिनल पर रात करीब साढ़े 12 बजे रेड चैनल पार करते वक्‍त शाहरुख और उनकी टीम के बैग में कस्‍टम के अध‍िकारियों ने करीब 18 लाख रुपये की कीमती घड़ियां पाईं। बैग में कई घड़‍ियों के खाली डब्‍बे भी थे। इन सब की कस्‍टम ड्यूटी नहीं भरी गई थी, लिहाजा शाहरुख समेत उनकी टीम को पूछताछ के लिए बिठा लिया गया।