पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर पूरे प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई शहरों में बर्फीली हवाओं के कारण कोल्ड डे जैसे हालात बन रहे हैं। खजुराहो-ग्वालियर में गुरुवार का दिन सबसे सर्द रहा। दोनों शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा। पिछले दो दिनों से यही हाल बना हुआ है। शुक्रवार को भी प्रदेश में ठंड का असर देखने को मिल रहा है। कहा जा रहा है, कि 20 जनवरी के बाद रात में भी कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
भोपाल वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों तक तापमान कम ही बना रहेगा उत्तर भारत में हवा की गति भी अधिक है। जिसके चलते कई शहरों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में। शुक्रवार को कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा।
गुरुवार को प्रदेश में खजुराहो सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 13.5 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री रहा, वहीं नौगांव, टीकमगढ़ सतना और सीधी में अधिकतम तापमान 20 डिग्री से कम दर्ज किया गया। कई शहरों में मौसम बदल गया है। बालाघाट जिले के मलाजखंड में भी हल्की बारिश हुई। खजुराहो और ग्वालियर में तापमान 15 डिग्री से नीचे रहने के कारण ठंडा दिन रहा।
बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री, इंदौर में 24.5 डिग्री, जबलपुर में 22.2 डिग्री और उज्जैन में 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सबसे ज्यादा तापमान खरगोन में 28.8 डिग्री दर्ज किया गया. रतलाम और खंडवा में भी तापमान 26 डिग्री से ऊपर रहा।
सिंगरौली, रतलाम, गुना और अशोकनगर जिले में हल्के से मध्यम कोहरा रहने के कारण यहां दृश्यता 200 से 800 मीटर रहने की उम्मीद है।
सागर, चंबल संभाग के सीधी, रीवा, मऊगंज, शिवपुरी, ग्वालियर और दतिया जिलों में मध्यम से घना कोहरा रहने के कारण यहां विजिबिलिटी 50 से 500 मीटर रहेगी।