भितरवार में पार्वती नदी के दीदा घाट से दो बच्चियों के शव मिले हैं। दोनों 2 दिन पहले घर से लापता हो गई थीं। सोमवार को दोनों के शव नदी में पड़े मिले। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई है। साथ ही फोरेंसिक टीम भी बुला ली गई है। टीम के आने के बाद ही शवों को नदी से बाहर निकाला गया।
भितरवार निवासी भावना रावत और शिवानी प्रजापति 12 नवंबर की सुबह पांच बजे अपने घर से लापता हो गई थीं। दोनों 12वीं की छात्राएं थीं। बताया जा रहा है, कि दोनों अच्छी सहेलियां थीं। शिवानी भितरवार की जबकि भावना रावत बेलगड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी, वो प्रजापति के घर में रहकर ही पढ़ाई कर रही थीं। 12 नवंबर की सुबह दोनों घर से लापता हो गई थीं।
परिवार ने काफी खोजबीन की लेकिन कुछ भी पता न चलने के बाद बिना देर किए आगे की जांच के लिए पुलिस को सूचित किया, परिवार जनों ने पुलिस थाने में दोनों की गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया था।
इसके बाद सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि पार्वती नदी में दीदा घाट के पास दो लड़कियों के शव पानी में पड़े हैं। सूचना मिलते ही SDOP और TI तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शवों की शिनाख्त का प्रयास किया गया, परिजनों को बुलाया गया तो उनकी शिनाख्त शिवानी और भावना के रूप में की गई।
SDOP ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना की सूचना ग्वालियर के वरिष्ठ अधिकारियों को देते ही फोरेंसिक टीम को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया। मामला हत्या का है या कोई अन्य अप्रिय घटना का, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। अब पुलिस ने हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।