MP News: मध्यप्रदेश में डिंडौरी के शहपुरा SDM की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. जिसके बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. SDM निशा के पति की मानें तो उनकी पत्नी की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है, जबकि मृतिका की बहन एसडीएम के पति पर गंभीर आरोप लगाती हुई नज़र आई. फ़िलहाल, दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है.

मृतिका की बहन निलिमा की मानें तो पति एसडीएम निशा के साथ अक्सर मारपीट करता था और पैसों के लिए परेशान करता था. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है और उनके पति से पूछताछ की जा रही है.

बता दें कि डिंडौरी जिले की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा में उपचार के दौरान रविवार को अचानक शहपुरा एसडीएम निशा नापित शर्मा की मौत हो गई थी, जिसकी सूचना मिलते ही कलेक्टर विकास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत करते हुए इस मामले की जानकारी ली.

ख़बरों के मुताबिक, शहपुरा एसडीएम की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके चलते उन्हें शाहपुरा अस्पताल में भर्ती किया गया. जहां उपचार के दौरान मौत हो गई. एसडीएम की मौत संदिग्ध बताई जा रही है. हालांकि, अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान हार्ट अटैक से मौत की बात सामने आई है. ऐसे में कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. एसडीएम के परिजनों ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद मामले की जांच में पुलिस जुट गई है.