दिल्ली-NCR की वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में बनी हुई है. राष्ट्रीय राजधानी में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) सुबह करीब नौ बजे 320 दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में अधिक है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में पिछले दिन (शनिवार) औसत AQI 311 दर्ज किया गया.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली के आनंद विहार इलाके में रविवार सुबह 8 बजे AQI 343 जबकि आरके पुरम सेक्टर में 335 और बवाना में 334 दर्ज किया गया. दिल्ली-NCR के ज्यादातर इलाकों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बेहद खराब श्रेणी में है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से एक डिग्री कम 12 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास हो सकता है. दिल्ली-NCR में सुबह कोहरे के बाद दिन में आसमान साफ रहेगा.
GRAP के तीसरे चरण के तहत दिल्ली-NCR में आवश्यक परियोजनाओं को छोड़कर सभी निर्माण और विध्वंस कार्य प्रतिबंधित हैं. ईंट भट्टों, हॉट मिक्स प्लांट और स्टोन क्रशर को भी संचालित करने की अनुमति नहीं है. आयोग ने कहा कि उत्तर-पश्चिमी हवा का प्रवाह राजधानी की वायु गुणवत्ता पर पराली जलाने के प्रभाव को बढ़ाने के लिए अनुकूल है. भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं शनिवार को घटकर 2,467 हो गई, जो शुक्रवार को 3,916 थी.