पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। बरगाड़ी कांड के आरोपी डेरा समर्थक प्रदीप सिंह की गुरुवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। गैंगस्टर गेल्डी बराड़ ने हत्या की जिम्मेदारी ली है।
3 मोटरसाइकिलों पर आए कुल 6 हमलावरों ने फायरिंग कर दी, जिसमें डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की मौत हो गई। पूर्व पार्षद अमर सिंह और बंदूकधारी हाकम सिंह को भी गोलियां लगी हैं। घायल अवस्था में उन्हें गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हमले में घायल हुए अमर सिंह की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि मृतक प्रदीप सिंह का एक और साथी बंदूकधारी जगदीश सिंह बाथरूम में जाने के कारण मौके पर मौजूद नहीं था। जिससे वो गोलियों से बचा रहा। इस घटना के बाद से पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि प्रदीप सिंह सुबह जब अपनी दुकान खोलने जा रहे थे तभी दो बाइक सवार लोगों ने फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद पुलिस ने लुधियाना समेत कई जिलों में हिंदू नेताओं की सुरक्षा बढ़ा दी है।
जानकारी मिली है, कि फरीदकोट जिले में जान से मारने की धमकी मिलने के बाद 9 डेरा प्रेमियों की सुरक्षा के लिए 27 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। नाभा जेल में कोटकपूरा निवासी डेरा प्रेमी महेंद्रपाल बिट्टू समेत अब तक कई डेरा प्रेमी मारे जा चुके हैं, जबकि गुरदेव लाल निवासी बुर्ज जवाहर सिंह वाला की भी अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं 10 नवंबर 2022 को डेरा प्रेमी प्रदीप सिंह की हत्या कर दी गई थी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले शिवसेना नेता सुधीर सूरी की भी अमृतसर में सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सूरी गोपाल मंदिर के बाहर धरना दे रहे थे तभी हमलावरों ने मंदिर के बाहर उन पर गोलियां चला दीं। इस घटना को लेकर काफी बवाल हुआ था। वहीं हिंदू संगठनों का कहना है कि सरकार कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर विफल रही।