मप्र के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की पढाई के लिये हिंदी पाठ्यक्रम लागू करने के बाद अब सरकार ने धनतेरस पर मेडिकल कॉलेजों में धार्मिक टच देने का फैसला किया है। इसके तहत चार दिन बाद आ रहे धनतेरस पर पूजा कराई जाएगी। कांग्रेस ने इस पर पलटवार किया है।

दरअसल आज चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने MBBS पाठ्यक्रम की हिन्दी में शुरुआत के बाद अब एक और नई पहल की घोषणा की है, यानी भगवान धन्वंतरि की जयंती पर मध्य प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज में भगवान धन्वंतरि की पूजा अर्चना की जाएगी।

सारंग ने कहा कि धनतेरस पर मेडिकल कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें मेडिकल छात्र, डॉक्टर और अस्पताल में मरीजों के परिजन सहित सभी मिलकर भगवान धन्वंतरि की पूजा अर्चना करेंगे। कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य मध्यप्रदेश को स्वस्थ मध्यप्रदेश बनाना है, हर साल मध्य प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में यह कार्यक्रम सुनिश्चित किया जाएगा।

गौरतलब है कि 22 अक्टूबर को है धनतेरस, इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भोपाल और इंदौर के मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों की हालत खराब है, मरीजों की मौत हो रही है। इसे सुधारना प्राथमिकता होनी चाहिए, वरना सरकार को धन्वंतरि के साथ यमराज की भी पूजा करनी चाहिए।