दिग्विजय सिंह के वायरल वीडियो को लेकर मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनपर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने फिटनेस का दौर शुरू कर दिया है। तो दिग्विजय सिंह को भी फिटनेस दिखानी है। 

वैसे तो मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह अपने बयानों के चलते हमेशा चर्चा का विषय बने रहते हैं। लेकिन इस बार दिविजय अपने यूनिक एक्शन की वजह से चर्चा में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे भैंसे के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा भी अब मध्य प्रदेश पहुंचने वाली है।

ऐसे में दिग्विजय सिंह के इस वीडियो को लेकर एमपी के गृह मंत्री ने इसे लेकर चुटकी ली है। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि तेलंगाना में गोवर्धन पूजा के मौके पर जिस जानवर की पूजा की जाती है, उसे 'सदर' कहते हैं। इस एक भैंसे की कीमत 3-4 करोड़ रुपये तक होती है। पूर्व सांसद अंजन यादव जी ने राहुल जी के स्वागत के लिए भारत जोड़ो यात्रा में ये आयोजन किया था।

वहीं, दिग्विजय सिंह के वायरल वीडियो को लेकर मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने फिटनेस का दौर शुरू कर दिया है। तो अब दिग्विजय सिंह को भी अपनी फिटनेस दिखानी है। दिग्विजय सिंह वरिष्ठ नेता हैं भैंसा क्या वो किसी के भी साथ डांस कर सकते हैं। इसे करते हुए वे बड़े अच्छे भी लग रहे हैं। 

गृह मंत्री ने आगे कहा कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना चाहते थे। लेकिन यह सपना तब टूट गया जब मल्लिकार्जुन खड़गे राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। एक राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के अधूरे सपने की अफरातफरी में भैंसे के साथ नाचना स्वाभाविक है।