कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा नवंबर के अंत तक महाराष्ट्र के रास्ते मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में प्रवेश कर सकती है। इस दौरे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखा है। जिसके बाद से हीअटकलों का बाजार गर्म हो गया है। दिग्विजय सिंह चाहते हैं कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लगाए गए किसी भी बैनर-पोस्टर और होर्डिंग में उनकी तस्वीर न हो। यह पत्र 22 अक्टूबर को लिखा गया था। अब ये पत्र सामने आया है, जिसके बाद इसे लेकर कई सारे सवाल उठ खड़े हुए हैं।
कांग्रेस के दिग्गज नेता और भारत जोड़ो यात्रा के आयोजकों में से एक दिग्विजय सिंह ने पत्र में लिखा है, कि मध्य प्रदेश कांग्रेस के किसी पोस्टर में मेरी तस्वीर नहीं लगानी चाहिए। मुझे यात्रा बैनर, पोस्टर और होर्डिंग से दूर ही रखा जाए। उन्होंने आगे लिखा कि यात्रा के पोस्टर में केवल सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और कमलनाथ की तस्वीरें होनी चाहिए।
उन्होंने कामना की कि यात्रा मध्यप्रदेश में सफलता के नए आयाम स्थापित करेगी और कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह भरेगी। दिग्विजय सिंह ने यह भी लिखा कि जहां भी आपको मेरे समर्थन की जरूरत है, मैं हमेशा आपके साथ हूं। मैं अपनी ओर से मध्य प्रदेश की सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं देता हूं। राहुल गांधी की भारत जोड़ी यात्रा सितंबर में कन्याकुमारी से कश्मीर के लिए रवाना हुई थी।
दिग्विजय सिंह ने लिखा कि राज्य में यात्रा को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जा रहा है। कमलनाथ को संबोधित करते हुए उन्होंने लिखा कि आपने जिला स्तर पर यात्रा की तैयारियों के लिए जिला यात्रा अधिकारियों को नियुक्त कर जिम्मेदारी दी है। प्रदेश के सभी जिलों में चल रही उपयात्राओं से लगता है कि आपके नेतृत्व में मध्य प्रदेश में भी इस यात्रा को भारी जनसमर्थन मिलेगा। उन्होंने आगे लिखा है कि पिछले सात-आठ साल से देश में व्याप्त नफरत के खिलाफ प्रेम और सद्भावना के संदेश के साथ चल रही यात्रा का लाखों लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया है।