भोपाल: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देश पर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह 17 दिसंबर को सागर जिले का दौरा करेंगे। उनके साथ अधिवक्ता शशांक शेखर के नेतृत्व में वकीलों का एक दल भी सागर जाएगा।

सिंह सागर जिले में विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचार, उनके खिलाफ दर्ज किए गए झूठे मुकदमे और अन्य अत्याचार का जमीनी मुआयना करेंगे और उन्हें हर संभव मदद देने के लिए कार्यवाही शुरू करेंगे। वे पीड़ित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के परिवारों से मुलाकात करेंगे।

पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता में अत्याचार प्रतिरोध समिति का गठन किया था। समिति के पास पूरे प्रदेश में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं पर भाजपा शासन के इशारे पर किए जा रहे अत्याचारों की बहुत सारी शिकायतें आई थी। सागर जिले में शिवराज सरकार के एक मंत्री विशेष रूप से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न में संलग्न है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अत्याचार में सागर और दतिया जिले सबसे आगे हैं। सिंह पीड़ित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घर जाएंगे उनके परिवारों से मिलेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने टीम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भारतीय जनता पार्टी के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर अत्याचार कर रहे हैं, उनकी सूची भी तैयार की जाए, ताकि जनता यह जान सके कि कौन से अधिकारी संविधान और कानून के मुताबिक काम कर रहे हैं और कौन से अधिकारी जेब में भाजपा का बिल्ला लगाकर काम कर रहे हैं। यह टीम दौरा करने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचार की विस्तृत रिपोर्ट पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ को सौंपेगी।