भोपाल: राज्य सरकार अब दिव्यांगजनों को लैपटॉप क्रय करने के लिये 32 हजार रुपये की जगह 35 हजार रुपये देगी। इसके लिये सामाजिक न्याय विभाग के आयुक्त डा. ई. रमेश कुमार ने सभी जिला कलेक्टरों के आदेश जारी कर दिये हैं।
जारी आदेश में कहा गया है कि मुख्यमंत्री नि:शक्त शिक्षा प्रोत्साहन योजना 2013 में पात्रतानुसार दिव्यांगजनों को लैपटॉप प्रदाय किये जाने की योजना संचालित है। राज्य शासन ने वर्ष 2018 में ई-जेम पोर्टल पर दर्ज दरों के अनुसार अधिकतम 32 हजार रुपये की राशि प्रति दिव्यांगजन निर्धारित की हुई थी।
परन्तु अब ई-जेम पोर्टल पर 32 हजार रुपये की राशि लैपटॉप हेतु दर्ज नहीं है। इसलिये इस राशि को अब अधिकतम 35 हजार रुपये किया गया है। अब इसी नवीन दर के अनुसार लैपटॉप क्रय किये जायें।