सुनने में थोड़ अजीब लग सकता है, लेकिन राजधानी भोपाल में विवाह विच्छेद करने के लिए एक इवेंट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें वे पुरुष शामिल हो रहे हैं जो पत्नियों से प्रताड़ित हैं और कई सालों की कानूनी लड़ाई के बाद बाद जिनका विवाह विच्छेद हुआ है। कार्यक्रम 18 सितंबर को सुबह 11 बजे रायसेन रोड के फ्लोरा फार्म एंड रिसोर्ट में होगा।
समारोह में जयमाला विसर्जन, सद्बुद्धि शुद्धिकरण यज्ञ, बारात निर्गमन, पुरुष संगीत, मानव सम्मान में कार्य करने हेतु सात कदम और सात प्रतिज्ञा, मुख्य अतिथि द्वारा विवाह विच्छेद की डिग्री वितरण आदि कार्यक्रम होंगे।
ऐसे पति जो हताश-निराश होकर मामला खत्म कर अब दोबारा खड़े हुए हैं, तो उन्हें संबल देने के लिए, उन्हें सम्मानित करने के लिए संस्था ने ये आयोजन करने का फैसला किया। इन पुरुषों ने अपने विवाह की छोटी-छोटी यादें सहेज कर रखी हैं, जैसे पगड़ी, जयमाला, फोटो... समारोह में इन सभी का विसर्जन किया जाएगा ताकि वे नई जिंदगी की शुरुआत कर सकें।
हालाँकि किसी शादी का टूटना यूं तो कोई खुशखबर नहीं होती, लेकिन कई मामलों में विवाह का बंधन पति-पत्नी दोनों के लिए इस कदर से जी का जंजाल बन जाता है कि इस तरह की शादी के टूट जाने में ही सबकी भलाई होती है। समारोह का कार्ड भी सोशल मीडिया पर वायरल है।