एमपी के जबलपुर से एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, यहां इलाज के इंतज़ार में एक मासूम की अपनी मां की गोद में ही मौत हो गई। घटना जबलपुर जिले के बरगी आरोग्यम केंद्र की है। मासूम के शव को गोद में लिए बिलखती मां का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
बरगी के नजदीकी ग्राम तिनेहटा देवरी से पांच वर्षीय ऋषि को बुधवार सुबह इलाज के लिए अस्पताल लाया गया लेकिन इस समय केंद्र पर कोई डॉक्टर नहीं था। माता पिता डॉक्टर के इंतज़ार में अपने बच्चे को लिए बैठे रहे।
मां की गोद में तड़प तड़प कर बेटे ने तोड़ा दम,रोती रही मां फिर भी नही पहुंचा डॉक्टर,इससे ज्यादा दुखद कुछ भी नही,रूह कंपा देने वाले ये हालत जबलपुर जिले के बरगी स्वास्थय आरोग्यम केंद्र के हैं @OfficeofSSC @DrPRChoudhary @VishvasSarang pic.twitter.com/bNhlmGsibL
— Satya Vijay Singh (@SatyaVijaySin20) September 1, 2022
डॉक्टर साहब जब दोपहर 12 बजे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तब तक इलाज के अभाव में मां की गोद में लेटे मासूम बच्चे ने दम तोड़ दिया था पूरे मामले पर मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर देर से आने के कारण बच्चे की मौत होने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही जांच कर दोषी डॉक्टर पर कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर कई घंटों देरी से पहुंचे अस्पताल के डॉक्टर ने देरी से आने की जो वजह बताई वह भी हैरान करने वाले है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले डॉक्टर की पत्नी का व्रत था लिहाजा उन्हें अस्पताल पहुंचने में देर हो गई थी।