रोजगार दिवस की सार्थकता आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर के बुधनी में सामने आई। यहां सीएम ने 5521 करोड़ 51 लाख रुपए निवेश वाली 26 औद्योगिक संरचनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इन निर्माण कार्यों से लगभग 59 हजार युवाओं को सीधे रोजगार मिलेगा। बुधनी में राज्य स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम के तहत मुख्य कार्यक्रम के अलावा अन्य जिलों में भी कार्यक्रम हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जन सेवा अभियान के इस कार्यक्रम में 4 जिलों के युवाओं से संवाद भी कर रहे हैं।
दोपहर को भोपाल से बुधनी पहुंचे चौहान ने यहां से तेरह जिलों के 16 औद्योगिक क्लस्टर और तीन औद्योगिक क्षेत्रों का भूमि पूजन किया। उन्होंने 4 जिलों के 3 औद्योगिक क्लस्टर, एक औद्योगिक क्षेत्र, 2 इन्क्यूबेशन सेंटर और एक स्टार्टअप सेंटर के कार्यालय का लोकार्पण भी किया तथा हितग्राहियों को ऋटा स्वीकृति और वितरण पत्र भी प्रदान किये। फिर उन्होंने इंदौर, नीमच, भोपाल और बुरहानपुर के क्लस्टर विकासकर्ता उद्यमियों से वर्चुअल संवाद शुरू किया। सभी जिलों में प्रभारी मंत्री और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के आतिथ्य में आयोजन चल रही हैं।
दो लाख से अधिक युवाओं को स्वरोजगार राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, ग्रामीण पथ विक्रेता योजना, आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री स्व निधि योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, रविदास स्वरोजगार योजना और डॉ. अम्बेडकर आर्थिक - कल्याण योजना के तहत 2 लाख 2 हजार 429 युवाओं को स्वरोजगार के लिए वित्तीय ऋष्टा वितरण किये जा रहे हैं। सरकार का कहना है कि नीमच जिले के बहुउत्पाद कलस्टर केसरपुरा में 663 हितग्राही को रोजगार मिलेगा।
बुरहानपुर में टेक्सटाइल क्लस्टर सुखपुरी में 7600 हितग्राही को रोजगार मिलेगा। जबकि फेयर डील एक्सपोर्टर्स को ऑपरेटिव सोसायटी टेक्सटाइल क्लस्टर में 400 लोगों को रोजगार मिलेगा। इंदौर में फर्नीचर क्लस्टर में 10 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।इस तरह विभिन्न जिलों में करीब दो लाख लोगों को रोजगार व स्वरोजगार के मौके दिये जा रहे हैं।