भोपाल: राज्य सरकार ने छिन्दवाड़ा नगर के नये मास्टर प्लान का ड्राफ्ट जारी कर दिया। यह वर्ष 2035 तक प्रभावशील रहेगा। इस पर अभी तीस दिनों तक आम लोगों से दावे एवं आपत्तियां मांगी गई हैं। इसके बाद इसे अंतिम रुप दे दिया जायेगा।

नये मास्टर प्लान की प्रतियां आयुक्त जबलपुर संभाग, कलेक्टर छिन्दवाड़ा, आयुक्त नगर निगम छिन्दवाड़ा एवं उप संचालक टीएनसीपी छिन्वाड़ा के कार्यालय में देखी जा सकेंगी। वर्तमान मास्टर प्लान 9 अगस्त 2002 में बना था तथा इसके स्थान पर नया मास्टर प्लान स्थान लेगा जोकि पांच लाख की जनसंख्या के हिसाब से बनाया गया है।

नये मास्टर प्लान में कहा गया है कि छिन्दवाड़ा से निकटतम हवाई अड्डे की सुविधा नागपुर में है। छिन्दवाड़ा-नागपुर ब्राड गेज रेल लाईन का कार्य पूर्ण हो चुका है एवं सिवनी तथा नैनपुर ब्राड गेज का कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में छिन्दवाड़ा में हवाई पट्टी स्थित है जिसमें ग्लाईईडिंग एवं छोटे विमानों को उड़ाने का प्रशिक्षण दिये जाने की व्यवस्था की जायेगी।

नये मास्टर प्लान में यातायात एवं परिवहन भूमि उपयोग के अंतर्गत कुल 1 हजार 65.28 हैक्टेयर भूमि प्रस्तावित है जोकि कुल प्रस्तावित क्षेत्र का 15.16 प्रतिशत है। प्लान में भूमि के मिश्रित उपयोग का भी प्रावधान किया गया है।