दिल्ली के सुल्तानपुरी के कंझावाला इलाके में नए साल के जश्न के नशे में चूर युवकों ने एक लड़की की स्कूटी को अपनी कार से टक्कर मार दी। इसके बाद उस युवती को कार सवार 4 किलोमीटर तक कार से घसीटता ले गया। रईसजादे की गाड़ी चलती रही और लड़की सड़क पर घिसटती रही। पहले कपड़े फटे, फिर चमड़ी उधड़ने लगी और आखिर में उस युवती की मौत हो गई।
जिस समय पूरा देश नए साल के जश्न में डूबा हुआ था, हर तरफ खुशी और बधाई संदेश बांटे जा रहे थे, ठीक उस वक्त एक युवती जिंदगी की जंग लड़ रही थी। राजधानी दिल्ली में एक बेटी सड़क पर बेहोशी की हालत में मिली। बिना कपड़ों के निर्जीव शरीर के साथ। देश की राजधानी दिल्ली में एक युवती को 5 रईसजादों ने सड़क पर घसीटकर मार डाला। पुलिस ने पांचों लड़कों को गिरफ्तार कर लिया है।
जब तक हादसे की सूचना मिली, तब तक युवती का शरीर छलनी हो चुका था। कार से सड़क पर घसीटे जाने के बाद उसका पूरा शरीर तो छिल ही गया वहीं दर्द न सह पाने के कारण उसकी मौत हो गई। वहीं पुलिस इस मामले में दुष्कर्म की बात से इनकार कर रही है। आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
दिल्ली पुलिस के बाहरी जिले के डीसीपी के मुताबिक, 31 दिसंबर की रात करीब 3 बजे पुलिस को कंजावाला इलाके में पीसीआर कॉल मिली कि एक लड़की सड़क के किनारे नग्न अवस्था में पड़ी है, जब वे वहां गए और मौके पर जाकर छानबीन शुरू की तो पता चला कि 23 वर्षीय युवती स्कूटी से अपने घर वापस जा रही थी उसी दौरान वो हादसे का शिकार हो गई।
डीसीपी ने आगे बताया, 'एक बलेनो कार में पांच लड़के सवार थे, उनकी कार से एक स्कूटी से एक्सीडेंट हो गया, जिसके बाद कार लड़की को सुल्तानपुरी से कंझावला इलाके में करीब 4 किमी तक घसीटती चली गई, जिसमें लड़की के सारे कपड़े शरीर से अलग हो गए, उसे काफी चोटें भी आईं थीं, और आखिरकार अंत में वो जिंदबी की जंग हार गई।
युवती के साथ ये कृत्य करने वाले पांचों लड़के दिल्ली के रहने वाले हैं। इनमें से कोई हेयर ड्रेसर है तो कोई राशन डीलर। पुलिस ने कार सवार पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 26 वर्षीय दीपक खन्ना पुत्र राजेश खन्ना ग्रामीण सेवा में चालक के पद पर हैं। इसके अलावा 25 वर्षीय अमित खन्ना उत्तम नगर में एसबीआई कार्ड्स का काम करता है।
मृतक युवती के परिजन अमन विहार के रहने वाले हैं। घर में मां और चार बहनें हैं। उसके दो छोटे भाई हैं, जिनकी उम्र 9 साल और 13 साल है। पिता का निधन हो गया है। एक बहन की शादी हो चुकी है। अभी युवती का परिवार बात करने की स्थिति में नहीं है। पुलिस के मुताबिक घटना के बारे में मृतका की मां ने डीसीपी से बात की है।