एक कहावत तो आपने सुनी ही होगी कि ‘नशा जीवन को बर्बाद कर देता है’ लेकिन आजकल यही नशा इंदौर की साफ-सुथरी छवि को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। शहर में नशा प्रेम इस तरह फ़ैल रहा है कि सड़कों पर इसका परिणाम न सिर्फ दिखाई दे रहा है बल्कि वायरल भी हो रहा है।
हाल ही में इंदौर से नशे में धुत लड़कियों का सड़क पर मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। अब वाइन शॉप के बाहर देर रात मारपीट का एक नया वीडियो वायरल हुआ है। इससे पहले भी कुछ इसी तरह के मामले सामने आ चुके हैं।
दरअसल, रविवार देर रात इंदौर के भमोरी इलाके में स्थित एक शराब दुकान पर बैठे कर्मचारी और शराब लेने आए युवकों के बीच जमकर हंगामा हुआ। पहले लात घूंसे चले फिर शराब दुकान के कर्मचारियों द्वारा लाइसेंसी बंदूक से भीड़ को हटाने के लिये हवाई फायरिंग की गई। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
इस घटना की जानकारी देते हुए विजयनगर टीआई रवीन्द्र गुर्जर ने बताया कि देर रात उन्हें सूचना मिली थी कि भमोरी की वाइन शॉप के बाहर दो गुटों में जमकर मारपीट हो रही है। जब टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि शराब दुकान के कर्मचारियों से कुछ युवकों ने शराब की बोतल पर डिस्काउंट नहीं दिए जाने की बात पर हाथापाई की थी। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट के दौरान सेल्समैन को कई गंभीर चोट आई। फिर दोनों पक्ष भी एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत करने थाने पहुंचे।
टीआई रवीन्द्र गुर्जर के मुताबिक़, उन्हें हवाई फायरिंग की सूचना तो मिली थी लेकिन मौके पर इसका कोई सबूत नहीं मिला। अभी दोनों पक्षों की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
कुल मिलाकर हर जगह मिलने वाला डिस्काउंट ठेके पर नहीं मिला तो नशा प्रेमी गुट नाराज होकर हाथापाई करने लगा। अब सवाल तो यहीं है कि इतना पैसा बचाने का शौक है तो पीते क्यों हो..! अगर नासमझ होकर पीते भी हो तो कम से कम अपनी नहीं तो इंदौर की साफ-सुथरी छवि का तो ध्यान अवश्य रखना चाहिए।