शराबबंदी वाले राज्यों में शुमार बिहार में देर रात नशे में धुत एक ड्राइवर ने 30 लोगों को कुचल दिया। इसमें 8 की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में छह बच्चे हैं। ये सभी लोग पीपल के पेड़ के नीचे खड़े होकर पूजा कर रहे थे। तभी 120 की रफ्तार में एक ट्रक आया और लोगों को रौंदते हुए निकल गया। घटना सुल्तानपुर गांव के पास की है।

मरने वालों में सभी की उम्र 20 साल से कम है। हादसे के बाद गैस कटर से ट्रक को काटकर मृतकों को निकाला गया। ज्यादातर बच्चे ट्रक और पेड़ के बीच में फंसे थे। घटना स्थल पर सड़क किनारे ही देवस्थल बनाया गया है। 50 60 साल से वहां पूजा हो रही है। 

हाईवे पर हादसा: बेकाबू कंटेनर ने 48 गाड़ियों को ठोका, पचास घायल उधर महाराष्ट्र में पुणे बेंगलुरु हाईवे पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है, इससे यहां तीन किमी का जाम लगा हुआ है। दरअसल एक कंटेनर ने 48 गाड़ियों में टक्कर मार दी।

हादसे में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। तेज रफ्तार कंटेनर सतारा से मुंबई की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद बेकाबू कंटेनर कारों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ता गया। फिर इन कारों ने कुछ और गाड़ियों को टक्कर मारी। इसके बाद कंटेनर वडगांव पुल पास दुर्घटनाग्रस्त होकर रुक गया।