मानसून के विदा होने के अनुमानों के बीच आ धमके मानसून ने भोपाल समेत कई जिलों में असर दिखा दिया है। बीते 24 घंटे में भोपाल में 33 मिमी बारिश हो गई है। इसे बंगाल की खाड़ी के चक्रवाती सिस्टम का असर माना जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ट्रफ लाइन मध्यप्रदेश से होकर उत्तराखंड की ओर जा रही है। बारिश का दौर 20 अक्टूबर या इसके बाद भी जारी रह सकता है। यानी अब 24 अक्टूबर को दिवाली पर भी बारिश का साया रहेगा।दशहरा बारिश में धुल ही चुका है।

20 अक्टूबर के बाद तक हो सकती है बरसात 

आज भी भोपाल, ग्वालियर समेत आधे प्रदेश में रिमझिम या तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। खंडवा में 78,रायसेन में 66 व सागर में 42 मिमी बारिश दर्ज हुई है। 

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे धंसा

उधर उप्र के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण के दावों की पोल खुल गयी। लखनऊ से गाजीपुर को जोड़ने वाला पूर्वांचल एक्सप्रेस वे दो दिन से हो रही भीषण बरसात में धंस गया है। सड़क बैठने से करीब 15 फीट लंबा गड्ढा हो गया देर रात हुए इस गड्ढे में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गुजर रही कार के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। गड़े को रातों-रात ठीक कर दिया गया. लेकिन इसको लेकर यूपी कांग्रेस ने ट्वीट कर सरकार को घेर लिया है। कांग्रेस ने लिखा है कि सरकार के भ्रष्टाचार का इससे बड़ा साक्ष्य क्या होगा? 22 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।