मध्य प्रदेश के जबलपुर से 35 किमी दूर रांझी में सोमवार को सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां पर सुबह 8 बजकर 47 मिनट पर ये भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भूकंप के झटके महसूस किए जाने के बाद रांझी के सेंट जेवियर स्कूल में हड़कंप मच गया। इसके बाद बच्चों के पेरेंट्स आनन-फानन में स्कूल पहुंच गए।किसी आशंका को देखते हुए बच्चों को क्लास से बाहर ग्राउंड में लाया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भूकंप के झटके हल्के थे और किसी के हताहत होने या किसी के क्षतिग्रस्त होने की कोई खबर सामने नहीं आई है। भूकंप की सूचना मिलने के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया।
भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.3 मापी गई। बताया गया कि जबलपुर के डिंडोरी में सुबह 8.43 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस होते ही डिंडोरी, मंडला, जबलपुर, बालाघाट, अनूपपुर, उमरिया में SDRF को अलर्ट कर दिया गया है। भूकंप का केंद्र डिंडोरी से 24 किमी दक्षिण में बताया जा रहा है।
मध्य प्रदेश के कई शहरों में भी आज सुबह ये भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का मुख्य केंद्र जबलपुर जिले में बताया जा रहा है, लेकिन डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सिविनी, उमरिया में भी हल्के झटके महसूस किए गए।
आपको बता दें कि जबलपुर भूकंप संभावित क्षेत्र में आता है। यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। 1 नवंबर से पहले 21 जून 2022 को भी करीब 3.4 की तीव्रता वाले भूकंप की सूचना मिली थी। वहीं आपको याद हो तो साल 1997 में 22 मई को रिक्टर स्केल पर 6.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी।