MP में बर्फबारी का असर, तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट, सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंडक


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

हिमालय में हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल रहा हैं, ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है..!!

मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम सुहाना हो गया है। देश के पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी साफ तौर पर देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार लगातार पश्चिमी विक्षोभ के कारण इन दिनों पहाड़ों पर बर्फबारी देखने को मिल रही है। 

अगले तीन-चार दिन तक सुबह-शाम फिर से गुलाबी ठंडक का अनुभव हो सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान हवा की दिशा बदलने की संभावना है। ऐसे में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

अधिकतम तापमान में भी कमी आ सकती है। मंगलवार को राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई, यहां पारा 31 डिग्री दर्ज किया गया। लेकिन सोमवार-मंगलवार की रात न्यूनतम तापमान में करीब 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई, जो 18.4 डिग्री दर्ज किया गया। 

वर्तमान में प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। वहीं, 9 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। ऐसे में पहले और दूसरे सप्ताह में मौसम मिलाजुला रहेगा। वर्तमान में जम्मू-कश्मीर पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। 

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण अगले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। अगले तीन-चार दिनों में तापमान में बढ़ोतरी की कोई संभावना नहीं है। प्रदेश में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की भी संभावना है।

मार्च महीने के रिकॉर्ड की बात करें तो साल 2021 में सबसे अधिक 41 डिग्री तापमान 30 मार्च को दर्ज किया गया था। वहीं, मार्च में सबसे कम तापमान 9 मार्च 1979 को 6.1 डिग्री दर्ज किया गया था। तब से रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। हालाँकि, मार्च के महीने में भी कई बार बारिश हुई है। सर्वाधिक वर्षा 108.8 मिमी 2006 में दर्ज की गई थी।