अमेरिका में फायरिंग की एक बड़ी घटना सामने आई है। अमेरिका के यूटा प्रांत में फायरिंग में आठ लोगों की मौत हो गई है। घर में हुई गोलीबारी में मारे गए आठ लोगों में पांच बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि, अधिकारियों ने गोलीबारी के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी। घटना 8,000 की आबादी वाले एक कस्बे में हुई। ऐसे में इस घटना के बाद से पूरे शहर में दहशत का माहौल है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक किसने गोली चलाई और क्यों चलाई, इसकी जांच की जा रही है। नगर निगम के अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि डरने की कोई बात नहीं है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
पास ही में काम करने वाले एक व्यक्ति ने इस घटना के बारे में बताया कि वह पीड़ितों को अच्छी तरह से जानता था क्योंकि वे उसी चर्च में जाते थे जहां वो जाया करता था। उन्होंने कहा, “हम सभी हैरान और निराश हैं। यहां पर रहने वाले पड़ोसियों में काफी प्रेम था।"
आपको बता दें, कि अमेरिका में नए साल (2023) के पहले तीन दिनों में गोलीबारी में 130 से अधिक लोग मारे गए हैं। वहीं 300 से अधिक घायल हुए हैं। एनजीओ 'गन वायलेंस आर्काइव' द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों में यह खुलासा हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, साल की शुरुआत से अब तक 131 लोग गलती से या जानबूझकर मारे गए हैं और 313 लोग घायल हुए हैं।
क्रिसमस से पहले ही अमेरिका के मॉल में फायरिंग की एक घटना हुई थी। ब्लूमिंगटन के मेयर के अनुसार, शूटिंग नॉर्डस्ट्रॉम डिपार्टमेंटल स्टोर के अंदर हुई। फायरिंग के बाद मॉल को करीब 45 मिनट तक बंद रखा गया, जिसके बाद दुकानदारों को घर जाने को कहा गया था। मॉल ऑफ अमेरिका ने इस घटना का एक वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर भी शेयर किया था।