महाराष्ट्र के पुणे से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। हाल ही में 72 साल के एक बुजुर्ग ने तोते के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बुजुर्ग का कहना है कि जब भी वह घर से बाहर आते-जाते है तो तोता उन्हें देख कर सीटी बजाता है। इसके बाद पुलिस ने तोते के मालिक को थाने बुलाया फ़िलहाल चेतावनी दे दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुणे के शिवाजी नगर स्थित महात्मा गांधी कॉलोनी में रहने वाले 72 वर्षीय बुजुर्ग के घर के सामने एक व्यक्ति ने तोता पाल रखा है। बुजुर्ग का कहना है कि तोता हमेशा सीटी बजाता है, जब भी कोई घर से बाहर आता-जाता है तो उसे देखकर ही सीटी बजाता है। इससे उन्हें कई तरह की परेशानी होती हैं।
बुजुर्ग ने कहा कि जब उन्होंने इस बात की शिकायत तोते के मालिक से की तो वह बहस करने लगा। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। इस मामले में पुलिस ने बताया कि तोते के मालिक को चेतावनी दी गई है कि आगे से बुजुर्ग को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।