छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में सुबह से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी चल रही है। जिन अफसरों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है उनमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी भी शामिल हैं।
छापे की कार्रवाई सुबह करीब 5 बजे से शुरू हुई। रायपुर, भिलाई, दुर्ग, महासमुंद, रायगढ़ में दर्जनभर अफसरों के ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। बताया जा रहा है कि हाल के समय में छत्तीसगढ़ में सबसे बड़ी छापेमारी है। जिन अधिकारियों के आवासों पर छापेमारी की गई है, उनमें से अधिकतर सीएम भूपेश बघेल के करीबी बताए जाते हैं।
दुर्ग में सौम्या चौरसिया, रायपुर में सीए विजय मालू के घर रेड पड़ी है। माइनिंग हेड आईएएस जेपी मौर्या के रायपुर स्थित घर पर भी छापेमारी की जा रही है। महासमुंद में नेता अग्नि चंद्राकर के ठिकानों पर भी ईडी के अधिकारियों के पहुंचने की सूचना है। अनुपम नगर में सूर्यकांत तिवारी के घर भी रेड पड़ी है।
अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि ईडी ने किस मामले की जांच के तहत इन अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की है।