बॉलीवुड एक्टर श्रेयस तलपड़े को हार्ट अटैक आया है। वह एक्टर अक्षय कुमार के साथ फिल्म वेलकम टू द जंगल की शूटिंग कर रहे थे। शूटिंग खत्म करने के बाद वह बेहोश हो गए और चक्कर खाकर गिर पड़े इसके बाद श्रेयस को हॉस्पिटल ले जाया गया जहां पर उनकी एंजियोप्लास्टी की गई। अब उनकी सेहत में सुधार बताया जा रहा है।
श्रेयस 47 साल के हैं। अस्पताल ने अपडेट किया है कि उनकी हालत में फिलहाल सुधार हो रहा है। अस्पताल प्रशासन ने इस बात की भी पुष्टि की कि सुबह करीब 10 बजे उनकी एंजियोप्लास्टी की गई। गुरुवार को ही अक्षय कुमार ने एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें श्रेयस दोपहर में उनके साथ फिल्म वेलकम टू द जंगल की शूटिंग करते नजर आ रहे थे।
स्टंट करते समय श्रेयस अक्षय के पीछे सीढ़ियों पर खड़े थे। वीडियो में एक्टर्स को मस्ती करते हुए देखा जा सकता है। शूटिंग खत्म करने के बाद श्रेयस घर गए और अपनी पत्नी से कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। पत्नी दीप्ति तलपड़े उन्हें पास के हॉस्पिटल लेकर गईं लेकिन इससे पहले ही अभिनेता बेहोश हो गए।
श्रेयस को अंधेरी वेस्ट के बेलेव्यू अस्पताल ले जाया गया तो पता चला कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है। अस्पताल ने पुष्टि की कि उन्हें देर शाम लाया गया था। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती हैं।
श्रेयस कई बड़ी हिंदी फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं। वह मराठी सिनेमा का भी जाना-माना नाम हैं। उन्होंने इकबाल, ओम शांति ओम, गोलमाल रिटर्न्स, हाउसफुल 2 जैसी कई हिट फिल्में की हैं। अभिनेता की जल्द ही कंगना रनौत के साथ एक फिल्म इमरजेंसी भी आने वाली है।