फिल्म ‘आदिपुरुष’ रिलीज़ के बाद से ही विवादों में है। फिल्म के डायलॉग्स, थीम और VFX को लेकर मध्यप्रदेश समेत देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन कर रही है।  

फिल्म ने फर्स्ट वीकेंड पर 340 करोड़ रुपए की वर्ल्डवाइड कमाई कर ली है। पहले दिन जहाँ फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई 140 करोड़ रही और दूसरे दिन फिल्म ने 100 करोड़ की कमाई की। विवादों के बीच तीसरे दिन भी फिल्म ने फिर से 100 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है।

इस तरह आदिपुरुष मात्र 3 दिनों में 300 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई है। ऐसा करने वाले यह दूसरी फिल्म बन गई है। हालांकि यह फिल्म शाहरुख़ खान की ‘पठान’ के फर्स्ट वीकेंड कलेक्शन का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई। ‘पठान’ ने फर्स्ट वीकेंड में 351 करोड़ रुपए का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था  इस तरह ‘आदिपुरुष’ इस रिकॉर्ड से 11 करोड़ रुपए पीछे रह गई।

दूसरी ओर फिल्म का विरोध लगातार जारी है। मुंबई के नालासोपारा में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम फिल्म का शो रुकवा दिया। उन्होंने थिएटर में पहुंचकर नारेबाजी की और दर्शकों से हॉल के बाहर जाने को कहा। इसके बाद शो रद्द कर दिया गया। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार की शाम हिंदूवादी संगठनों ने रैली निकाली। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मैग्नेटो मॉल के अंदर घुस गए।