ओम राउत की आदिपुरुष कई कारणों से विवादों के घेरे में रही। फिल्म के डायलॉग्स को लेकर भी लोगों में काफी नाराज़गी थी। कृति सेनन और प्रभास द्वारा सीता और राघव की भूमिका निभाई गई इस फिल्म को दर्शकों से मिली-जुली समीक्षा मिली। सोशल मीडिया पर रिएक्शन आने के बाद फ़िल्म के डायलॉग राइटर मनोज मुंतशिर ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए शनिवार को सार्वजनिक माफी जारी की।
एक नोट में मुंतशिर ने लिखा, "मैं स्वीकार करता हूं कि आदिपुरुष से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। मैं हाथ जोड़कर बिना शर्त माफी मांगता हूं। प्रभु बजरंगबली हमें एकजुट रखें और हमारे पवित्र सनातन और हमारे महान राष्ट्र की सेवा करने की शक्ति प्रदान करें।"
महाकाव्य रामायण पर आधारित, आदिपुरुष 16 जून को सिल्वर स्क्रीन पर रिलीज हुई थी। कृति सनोन और प्रभास के अलावा, फिल्म में लंकेश के रूप में सैफ अली खान, बजरंग के रूप में देवदत्त नागे और लक्ष्मण के रूप में सनी सिंह भी हैं। 2022 में उत्तर प्रदेश के अयोध्या में टीज़र रिलीज़ होने के बाद से ही यह फ़िल्म विवादों में थी। जून में, मनोज मुंतशिर ने अपने लेखन के माध्यम से भावनाओं को आहत करने के लिए मौत की धमकी मिलने के बाद पुलिस सुरक्षा की मांग की थी। डायलॉग्स के अलावा, फिल्म को उसके 'घटिया' वीएफएक्स के लिए भी आलोचना झेलनी पड़ी।
अनुभवी अभिनेता अरुण गोविल, जिन्होंने रामानद सागर की रामायण में भगवान राम का किरदार निभाया था, ने भी इतिहास और हिंदू धर्म को विकृत करने के लिए निर्माताओं की आलोचना की। 600 करोड़ रुपये के बजट पर बनी आदिपुरुष अब तक की सबसे महंगी हिंदी फिल्म है। भूषण कुमार, ओम राउत, राजेश नायर और प्रसाद सुतार द्वारा निर्मित, आदिपुरुष में वत्सल सेठ को इंद्रजीत के रूप में, सिद्धांत कार्निक को विभीषण के रूप में, सोनल चौहान को मंदोदरी के रूप में, कृष्णा कोटियन को दशरथ के रूप में, और तृप्ति टोडरमल को सरमा के रूप में देखा गया।