बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी कि अक्षय कुमार 2023 में अपनी एक फिल्म लेकर आ रहे हैं। उन्हें इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं, क्योंकि पिछला साल अक्षर कुमार के लिए कुछ खास नहीं रहा और उनकी एक के बाद एक फिल्में फ्लॉप होती गईं। अक्षय कुमार इस साल बड़े पर्दे पर राज मेहता निर्देशित कॉमेडी-ड्रामा 'सेल्फी' लेकर आ रहे हैं। फिल्म की शूटिंग भोपाल और इसके आस पास हुई है।  

इस कॉमेडी फिल्म में इमरान हाशमी भी दिखाई देंगे। इमरान लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। ऐसे में दोनों की जोड़ी कितना कमाल कर पाती है, यह देखना दिलचस्प होगा। हर कोई इस जोड़ी को पर्दे पर देखने के लिए बेताब है, ऐसे में सभी की एक्साइटमेंट को बढ़ाते हुए 'सेल्फी' के ट्रेलर रिलीज डेट का खुलासा हो गया है।

अक्षय कुमार और इमरान हाशमी स्टारर इस फिल्म की रिलीज डेट पहले ही अनाउंस हो चुकी है। पृथ्वीराज प्रोडक्शंस, धर्मा प्रोडक्शंस और केप ऑफ गुड फिल्म्स द्वारा निर्मित, 'सेल्फी' अगले महीने 24 फरवरी, 2023 को सिनेमाघरों में उतरेगी। ऐसे में कुछ रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का ट्रेलर 22 जनवरी को रिलीज किया जाएगा।

साथ ही उन रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'सेल्फी' का ट्रेलर एक इवेंट के दौरान रिलीज किया जाएगा। पहले फिल्म का ट्रेलर 19 जनवरी को रिलीज होने वाला था, लेकिन किन्हीं कारणों से इसे टाल दिया गया है। हालांकि अभी तक मेकर्स या इस फिल्म की कास्ट की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'सेल्फी' का ट्रेलर अक्षय कुमार की अब तक की सभी कॉमेडी फिल्मों से बेहतर होगा। ट्रेलर में ढेर सारे मूमेंट होने का दावा किया जा रहा है, जो लोगों को खूब गुदगुदाएगा। बता दें कि 'सेल्फी' पहली फिल्म है जिसमें अक्षय और इमरान हाशमी एक साथ काम करने जा रहे हैं। इन दोनों के अलावा फिल्म में नुसरत भरूचा और डायना पेंटी भी मुख्य भूमिका में हैं। 'सेल्फी' पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर मलयालम हिट 'ड्राइविंग लाइसेंस' का हिंदी रीमेक है।

सभी की निगाहें 'सेल्फी' पर टिकी हैं क्योंकि इससे अक्षय कुमार की बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप फिल्मों का सिलसिला खत्म हो सकता है। इसके अलावा, अभिनेता के पास 2023 और 2024 में रिलीज होने वाली कई फिल्में हैं। वहीं इमरान अगली बार सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टाइगर 3' में नजर आएंगे। 'टाइगर 3' इस साल दिवाली पर रिलीज होने जा रही है।