बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने अपनी आगामी मराठी फिल्म 'वेदत मराठे वीर दौड़ सात' में छत्रपति शिवाजी महाराज के रूप में अपना पहला लुक जारी किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर टीज़र शेयर किया था, जिसके बाद फैंस अक्षय के लुक से कुछ ज़्यादा प्रभावित नहीं हुए, बल्कि कुछ ने टीज़र में दिखाए गए सीन में एक बड़ी गलती पकड़ी है। अब इस ग़लती के लिए अक्षय को जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
अक्षय कुमार के साझा किए गए वीडियो का स्क्रीनशॉट लेते हुए, एक फैंस ने लाइट बल्ब की ओर इशारा करते हुए ट्वीट किया, “शिवाजी महाराज ने 1674 से 1680 तक शासन किया। थॉमस एडिसन ने 1880 में बिजली के बल्ब का आविष्कार किया था। अब अक्षय कुमार शिवाजी का किरदार निभा रहे हैं।” वहीं, कई और फैन्स ने भी यही ट्वीट शेयर किया है।
फैंस ने फ़िल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' के रूप में अक्षय की भूमिका को याद करते हुए ट्रोल किया है। एक यूजर ने लिखा, "अक्षय कुमार अब छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाकर सम्राट पृथ्वीराज के खालीपन को भरेंगे।" जबकि एक अन्य यूजर ने लिखा, “पृथ्वीराज चौहान को नष्ट करने के बाद, अक्षय कुमार और बॉलीवुड एक और ऐतिहासिक चरित्र को नष्ट करने के लिए तैयार हैं, और इस बार शिवाजी महाराज हैं। इसके बाद फैंस के बीच इस बात की मांग की जाने लगी है, कि बॉलीवुड में ऐतिहासिक किरदारों पर बनी फिल्में बैन हों!
आपको बता दें कि 'वेदत मराठे वीर दौडले सात' सात वीर योद्धाओं की कहानी है, जिनका एकमात्र उद्देश्य छत्रपति शिवाजी महाराज के स्वराज्य के सपने को पूरा करना था। यह फिल्म दिवाली 2023 पर मराठी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होगी। इसका निर्देशन महेश मांजरेकर ने किया है। फिल्म में अक्षय के अलावा जय दूधाने, उत्कर्ष शिंदे, विशाल निकम, विराट मडके, हार्दिक जोशी, सत्या, अक्षय, नवाब खान और प्रवीण तारडे भी हैं