शराबी फिल्म साल 1984 में आई थी। इसमें सदी के महानायक अमिताभ बच्चन और एक्ट्रेस जया प्रदा नजर आई थीं। दोनों की जोड़ी ने पर्दे पर गदर काट दिया था। मधुर गानों से सजी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तो कमाल किया ही। दर्शकों के दिलों पर भी अपनी अलग छाप छोड़ी।

इस मूवी का जिक्र इसलिए कर रहे हैं क्योंकि जया प्रदा ने अपनी फिल्म से जुड़ा एक किस्सा शेयर किया है, जिसे सुनने के बाद आप भी दंग रह जाएंगे। दिग्गज कलाकार और राजनेता दया प्रदा जीटीवी के रियलिटी शो  सारेगामापा लिटिल चैम्प्स में बतौर गेस्ट पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने शराबी फिल्म का गाना  मुझको नौलखा मंगा दे का एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि कैसे अमिताभ बच्चन ने चोटिल होने के बावजूद इसकी शूटिंग की थी। साथ ही एक्टर ने किस तरह उनकी शूट के दौरान मदद की थी।

जया प्रदा बताती हैं, मुझे अभी भी याद है कि जब हमने शूट किया था, अमित जी को दिवाली के दौरान हाथ में चोट लग गई थी। गाने के एक हिस्से में वह घुंघरू से खेल रहे हैं लेकिन क्योंकि वह दर्द में थे और पहले से ही चोटिल थे इसलिए हर बार जब वह सीन के लिए शूटिंग करते थे तो खून बहता था। बावजूद इसके आइस बॉक्स में हाथ आगे-पीछे रखकर उन्होंने सीन की शूटिंग पूरी की।