टीवी रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति सीजन का लेटेस्ट एपिसोड चर्चा में है। शो में अमिताभ बच्चन ने स्वर्गीय राजू श्रीवास्तव को लेकर एक दिलचस्प सवाल पूछा। इसके बाद परिवार ने सोशल मीडिया के माध्यम से बिग बी का शुक्रिया अदा किया है।

केबीसी के एक हालिया एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने एक सवाल पूछा, "हम कॉमेडियन सत्य प्रकाश श्रीवास्तव को बेहतर तरीके से कैसे जान सकते हैं, जिनका सितंबर 2022 में निधन हो गया है?"

इस सवाल के जबाव के लिए 4 ऑपशन भी दिए, जो इस प्रकार हैं।
A भानु श्रीवास्तव
B राहुल श्रीवास्तव
C राजू श्रीवास्तव
D अतुल श्रीवास्तव

इस सवाल को देखकर राजू श्रीवास्तव के परिवार ने बिग बी का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने पोस्ट को कैप्शन दिया, "पिछले हफ्ते आपके प्रसिद्ध शो केबीसी पर एक प्रश्न के माध्यम से पापा #राजूश्रीवास्तव के लिए अपना प्यार और आशीर्वाद दिखाने के लिए हम मिस्टर अमिताभ बच्चन अंकल के आभारी हैं। यह चौथी बार है जब उनके बारे में शो पर सवाल दिखाया गया है। शो @sonytvofficial को विशेष धन्यवाद।"

अलावा इसके सितंबर की शुरुआत में, राजू की बेटी अंतरा ने अपने पिता के इंस्टाग्राम से अमिताभ के लिए एक नोट पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपने पिता के अंतिम दिनों में उनकी मदद के लिए धन्यवाद दिया था। अंतरा ने अमिताभ के साथ राजू की कुछ पुरानी तस्वीरें और उनका स्पेशल नोट शेयर किया था। नोट में लिखा है, "इस कठिन समय में हर दिन हमारे साथ रहने के लिए मिस्टर अमिताभ बच्चन अंकल धन्यवाद। आपकी प्रार्थनाओं ने हमें अपार शक्ति और समर्थन दिया जिसे हम हमेशा याद रखेंगे। आप मेरे पिता के आदर्श हैं, प्रेरणा, प्यार और गुरु हैं। जब से पापा ने आपको पहली बार बड़े पर्दे पर देखा है, आप हमेशा उनके अंदर रहे हैं।"

टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के स्टार कॉमेडियन और अभिनेता राजू श्रीवास्तव को दिल का दौरा पड़ा था। जिसके बाद उन्हें 10 अगस्त को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। जिम में वर्कआउट के दौरान राजू श्रीवास्तव को सीने में दर्द हुआ था और वे बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया जहां 11 डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही थी। करीब 28 दिनों तक अस्पताल में रहने के बाद भी कॉमेडियन को बचाया नहीं जा सका।