'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) सीजन 15 के हालिया एपिसोड में अलोलिका भट्टाचार्जी गुहा नाम की एक प्रतियोगी ने हॉट सीट पर पहुंचने के बाद मेजबान अमिताभ बच्चन के साथ अपने अनूठे अनुभव बेहद मासूमियत से साझा किए।  बिंदास-बेपरवाह- बेफ़िक्र अलोलिका का यह क्लिप सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।

एपिसोड में 'जय हो केबीसी' का नारा लगाते हुए अलोलिका अपनी पहली उड़ान, होटल प्रवास, फाइनेंशियल कंडीशन और फिटनेस जर्नी के बारे में मनोरंजक तरीके से अपनी जीवंत कहानियाँ साझा करती हैं। इस पर दर्शक और बिग बी खूब हंसते हैं।

शो में उन्होंने बताया कि कैसे केबीसी ने उनके सपनों को हासिल करने में उनकी मदद की। हॉट सीट पर पहुंचने की कोई उम्मीद नहीं होने के बावजूद अलोलिका के ह्यूमर ने एक अमिट छाप छोड़ी। कोलकाता निवासी, अलोलिका भट्टाचार्जी गुहा ने केबीसी सीजन 15 में अपनी उपस्थिति के साथ एक सपना सच होने का अनुभव किया। 12,50,000 रुपये जीतने वाली प्रतियोगी ने शो से पहले कई चीजें पहली बार कीं, जिसमें अमिताभ बच्चन से मिलना और अपनी पहली उड़ान भरना शामिल था।

कई सोशल मीडिया यूजर्स ने  अलोलिका का ये वीडियो अपने X हैंडल पर साझा किया है।

कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने लिखा-इस महिला की ख़ुशी आपको यकीनन आनंद में सराबोर कर देगी।
आत्मसंतोष किसी बाज़ार में नहीं बिकता,खुद कमाना पड़ता है।
इसका स्रोत भी आपके स्वयं में है।

Umashankar Singh उमाशंकर सिंह @umashankarsingh ने लिखा है-छल, कपट, प्रपंच, झूठ और जंग जैसे हालातों के बीच इनकी निश्छल हँसी और बातों को सुनिए… आप कितने भी परेशान हों चेहरे पर सिर्फ़ मुस्कान ही नहीं आएगी, जीवन सार्थक भी लगेगा… #JaiHoKBC

अलोलिका ने हिंदी वर्णमाला के चार अक्षरों को सही ढंग से लिखकर हॉट सीट पर फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट हासिल किया। उपलब्धि जिसने केबीसी में प्रतिस्पर्धा करने के लिए उसके 18 साल के इंतजार को खत्म कर दिया। KBC के 69वें एपिसोड में खूब हंसी-मजाक हुआ, क्योंकि अलोलिका ने स्वीकार किया कि उसे हॉट सीट पर पहुंचने की कोई उम्मीद नहीं है।