दिल्ली में एक कास्टिंग डायरेक्टर की पिटाई का मामला सामने आया है। कास्टिंग डायरेक्टर का नाम मयंक दीक्षित है। मारपीट में मयंक के गर्दन और सिर पर गंभीर चोटें आयीं। मयंक दीक्षित सलमान खान की फिल्म युवराज में असिस्टेंट डायरेक्टर थे।

पुलिस के मुताबिक रविवार की रात लक्ष्मी नगर इलाके में कार पलटने को लेकर हुई बहस के बाद कुछ लोगों ने कास्टिंग डायरेक्टर मयंक दीक्षित की पिटाई कर दी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

बताया जा रहा है कि डायरेक्टर पर हमला करने वाले शख्स की पहचान हो गई है और पुलिस आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि पीड़ित मयंक दीक्षित का बयान दर्ज कर लिया गया है। उनके बयान और साक्ष्य लिए जा रहे हैं, जिससे जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है।

मयंक दीक्षित ने 2008 में सलमान खान की फिल्म युवराज के लिए असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया था। फिल्म में जायद खान, अनिल कपूर और कैटरीना कैफ भी थे। इसके अलावा उन्होंने 'टोरबाज़' के लिए कास्टिंग डायरेक्टर के रूप में भी काम किया, जिसमें संजय दत्त ने एक सेना अधिकारी की भूमिका निभाई थी।