चीन से आ रहे भयावह वीडियो और तस्वीरों के बाद देश में कोरोनेा का खौफ फिर दिखाई देने लगा है। हालांकि भारत में स्थिति सामान्य बनी हुई है और सरकार भी पूरी तरह सतर्क है। केंद्र और राज्य सरकारों ने जरूरी गाइड लाइन भी जारी कर दी हैं।
इस बीच कोरोना संकट में नायक बन कर सामने आए सोनू सूद ने वर्तमान हालात पर बडा संदेश दिया है। सोनू सूद ने शनिवार को कोरोना की लगातार बढ़ रही दहशत को लेकर दिलचस्प ट्वीट किया-
सोनू ने लिखा कि कोरोना से सावधानी बरतें, डरे नहीं। ईश्वर करे मेरी ज़रूरत ना पड़े लेकिन अगर लगे तो याद रखना .. नंबर वही है।
गौरतलब है कि चीन में कोरोना से हालात लगातार भयावह होते जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार को एक दिन में 3 करोड़ 70 लाख नए केस सामने आए थे। हालांकि, सरकारी आंकड़ों में इस दिन यह संख्या केवल तीन हजार ही बताई गई है। वहीं चीन के अस्पतालों में बेतहाशा मरीज़ों की लाइन देखी जा रही है। स्कूलों में मरीज़ों का इलाज़ किया जा रहा है। दवाइयॉं के लिए लंबी-लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं और सड़कों पर ही रस्सी बांधकर लोगों को ड्रिप चढ़ाई जा रही है।
दूसरी ओर देश में बीते 24 घंटे में यानी शुक्रवार को कोरोना के 163 नए मामले सामने आए थे। इसके साथ ही कोरोना के एक्टिव केस भी कम हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना के एक्टिव केस घटकर अब 3,380 हो गए हैं। एक दिन में 22 एक्टिव मरीज कम हुए हैं। वहीं, कोरोना से बीते 24 घंटे में 6 लोगों की जान भी गई है, जिसके बाद कुल मौत का आंकड़ा बढ़कर अब 5 लाख 30 हजार 690 हो गया है।