बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म पठान का हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है। शाहरुख की फिल्म को लेकर ये भी कहा जा रहा है, कि ये एक बड़ी फिल्म साबित हो सकती है। लेकिन पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर फिल्मों का बायकॉट किए जाने का एक अलग ही ट्रेंड चल निकला है, जिससे ज्यादातर फिल्में रिलीज होने से पहले ही फ्लॉप साबित हो जाती हैं।

हाल ही में पठान फिल्म का एक गाना रिलीज हुआ है, जिसके बोल बेशरम हैं, इस गाने के रिलीज होने के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर इस फिल्म के बायकॉट की मांग उठने लगी है, क्योंकि दावा है कि अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने भगवा पोशाक पहन रखी है और गाने का नाम बेशरम रंग है!

गाने के रिलीज़ के बाद से ही सोशल मीडिया पर भी माहौल काफी गर्म हो चला है। यूजर्स लगातार गाने को लेकर रिएक्ट कर रहे हैं। 

हालांकि इस गाने में शाहरुख खान और दीपिका की जोड़ी सालों बाद अच्छी लग रही है, लेकिन यूजर्स शाहरुख-दीपिका को इस गाने के लिए काफी ट्रोल कर रहे हैं। कुछ लोगों ने गाने को अश्लील तो कुछ ने हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला तक बता दिया।

'पठान' एक बहुप्रतीक्षित बॉलीवुड फिल्म है, जिसे लेकर फैंस काफी उत्साहित थे, लेकिन अब वही फैंस फिल्म के गाने के कारण फिल्म के बायकॉट की मांग कर रहे हैं, कुछ ट्विटर यूजर्स ने लिखा कि अगर फिल्म ऐसे हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करेगी तो इस फिल्म का हश्र भी आमिर खान की फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' जैसा होगा।'