'मैंने प्यार किया', 'हम आपके हैं कौन' और 'बाजीगर' समेत कई फिल्मों में सुपर डुपर हिट गीत लिख चुके  गीतकार देव कोहली का शनिवार सुबह निधन हो गया है। वे 81 साल के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

लम्बे इलाज़ के बाद हालत में सुधार को न देखते हुए तकरीबन 10 दिन पहले उन्हें घर पर वापस भेज दिया था। आज सुबह चार बजे नींद में सोते हुए ही इस दिग्गज गीतकार की मौत हो गई। देव कोहली के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

देव कोहली ने 'लाल पत्थर', 'मैंने प्यार किया', 'हम आपके हैं कौन', 'बाजीगर', 'जुड़वा 2', 'मुसाफिर', 'इश्क', 'शूट आउट ऐट लोखंडवाला', 'टैक्सी नंबर 911' जैसी 100 से भी ज्यादा फिल्मों के लिए सैंकड़ों सुपरहिट गाने लिखे थे।

देव कोहली ने सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के लिए कबूतर जा जा, आजा शाम होने आई, आते-जाते हंसते गाते, कहे तोसे सजना जैसे सुपरहिट गीत लिखे थे। इनके अलावा ये काली काली आंखें (बाजीगर), चलती है क्या नौ से बारह (जुड़वा 2), जैसे तमाम हिट गाने भी देव कोहली की कलम से लिखे गए थे।

देव कोहली के अंतिम दर्शनों के लिए उनका पार्थिव शरीर उनके मुंबई के लोखंडवाला के घर पर दोपहर 2 बजे से रखा जाएगा। उनका अंतिम संस्कार आज मुंबई के ओशिवरा श्मशान गृह में किया जाएगा।