फरहान इंदौर में एक लाइव कॉन्सर्ट करने वाले थे जिसके लिए एक भव्य सेट तैयार किया गया था। बॉलीवुड एक्टर और प्रोड्यूसर फरहान अख्तर इन दिनों लाइव कॉन्सर्ट को लेकर सुर्खियों में हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें फरहान के कॉन्सर्ट का सेट पूरी तरह से बर्बाद हो गया है।

दरअसल, इंदौर में तेज आंधी के चलते कॉन्सर्ट के लिए तैयार किया गया सेट पूरी तरह से तबाह हो गया। वीडियो में आप देख सकते हैं कि कैसे ये विशाल सेट गिर रहा है। जो बेहद खतरनाक है, लेकिन अच्छी बात यह रही कि किसी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

इस वीडियो पर लोग अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। यूजर्स वेंडर्स पर उंगली उठाते नजर आ रहे हैं। एक यूजर ने कहा- भाईयों ये इंदौर है, यहां सिर्फ कीर्तन जोर-जोर से होता है। बता दें कि फरहान इन दिनों इंदौर में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा था- आज शाम #इंदौर में होटल के कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो खूबसूरत नज़ारा था। आशा है कि यह आपको आराम दिलाएगा जैसे इसने मुझे किया।

वर्कफ्रंट की बात करें तो फरहान काफी समय से अपनी अपकमिंग फिल्म 'जी ले जरा' को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट और कटरीना कैफ नजर आएंगी। इसके अलावा वह फिल्म 'खो गए हम कहां' में भी काम कर रहे हैं। फिल्म में अनन्या पांडे, सिद्धांत चतुर्वेदी और आदर्श गौरव नजर आएंगे।