गोरेगांव फिल्मसिटी में 'गुम है किसी के प्यार में' के सेट पर शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे आग लग गई। ये आग तीन अन्य स्टूडियो में फैल गई जहां शूटिंग चल रही थी। काफी मशक्कत के बाद रात 10 बजकर 17 मिनट पर आग बुझाई जा सकी।

मुंबई फायर ब्रिगेड के उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी हरीश गिरकर ने कहा, "एक स्टूडियो सेट बड़ा है, अन्य तीन छोटे हैं। आग में किसी को कोई चोट नहीं आई है। आग लगने का कारण जांच का विषय है।"

फायर ब्रिगेड ने शुरू में इसे लेवल-II फायर घोषित किया था, लेकिन बाद में आग अन्य सेटों तक फैल गई, जहां अन्य सीरियल्स की शूटिंग चल रही थी, बाद में इसे लेवल-III घोषित किया। अधिकारियों के अनुसार, आग ने चार स्टूडियो सेटों में बिजली के तारों, स्ट्रक्चर, बांस, तिरपाल की चादरें, लकड़ी के सामान को नष्ट कर दिया और 50,000 मीटर से अधिक क्षेत्र में सूखे पेड़, घास, पत्ते और झाड़ियाँ भी जल गईं।

ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा, "आग लगने पर कलाकारों और श्रमिकों सहित 1,000 से अधिक लोग सेट पर मौजूद थे। इनमें से अधिकांश प्रोडक्शन हाउस और चैनल शूटिंग के दौरान अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करते हैं।" गुप्ता ने घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की और निर्माता, प्रोडक्शन हाउस और चैनल सहित अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।