अभिनेता व निर्देशक सतीश कौशिक की मौत की गुत्थी उलझी हुई ही है। सतीश कौशिक के दोस्त विकास मालू की दूसरी पत्नी ने अपने पति पर ही हत्या की साजिश का आरोप तो लगाया है लेकिन मालू की पत्नी का बयान दर्ज करने के लिए दिल्ली पुलिस ने उनसे संपर्क किया तो उन्होंने अपना बयान दर्ज नहीं करवाया। उधर, दिल्ली पुलिस इस मामले में अब तक धारा 174 के तहत ही मामले की जांच कर रही है।

इस धारा के तहत कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होता है कि किसी व्यक्ति की मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है या नहीं। अगर हुई है, तो इसकी वजह क्या थी? कौशिक ने 8 मार्च को गुडगांव में बिजवासन स्थित फार्महाउस में होली मनाने पहुंचे थे। देर रात 2.10 बजे उन्हें बेचैनी होने लगी थी। उन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टर्स ने सतीश कौशिक को बचाने की काफी कोशिश की गई थी।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर को लिखे पत्र में विकास मालू की दूसरी पत्नी ने दावा किया था कि सतीश कौशिक ने करीब तीन साल पहले विकास को 15 करोड़ रुपये निवेश के लिए दिए थे। जिसके बाद विकास ने न तो सतीश को रुपये वापस किए और न ही उनको कोई मुनाफा दिया। रुपये वापस मांगने पर विकास ने साजिश के तहत सतीश की षडयंत्र रचकर हत्या करवा दी। इस चिट्ठी के बाद हड़कंप मच गया है।