एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी के प्री-वेडिंग फंक्शन शुरू हो गए हैं। कल रात इस जोड़े ने सूफी नाइट की मेजबानी की। इस फंक्शन की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें हंसिका बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं। इसके साथ ही हंसिका के मंगेतर सोहेल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें हंसिका सोहेल का हाथ थामे एंट्री करती नजर आ रही हैं।
हंसिका-सोहेल की ड्रीम एंट्री
इस वीडियो को शेयर करते हुए सोहेल ने लिखा, 'ड्रीम एंट्री।' इस दौरान हंसिका गोल्डन शिमरी शरारा में नजर आईं, वहीं सोहेल कुर्ता-पायजामा में नजर आए। इस फंक्शन में सिर्फ उनके फैमिली मेंबर्स और क्लोज फ्रेंड्स ही मौजूद थे।
हंसिका के प्री-वेडिंग फंक्शन पिछले हफ्ते से शुरू हुए हैं
हंसिका की शादी की रस्में पिछले हफ्ते मुंबई में माता की चौकी से शुरू हुई थीं। हाल ही में उनकी मेहंदी सेरेमनी का आयोजन किया गया था। कुछ दिन पहले उन्होंने अपनी गर्ल गैंग के साथ बैचलर पार्टी भी मनाई थी। यह पार्टी उन्होंने ग्रीस में सेलिब्रेट की थी।
सोहेल की पहली शादी में हंसिका ने शानदार डांस किया था
कुछ दिन पहले हंसिका मोटवानी का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह अपने होने वाले पति सोहेल कथूरिया की पहली शादी में जमकर डांस करती नजर आ रही थीं। सोहेल की पहली शादी 2016 में रिंकी नाम की लड़की से हुई थी। हंसिका ने भी गोवा में इस डेस्टिनेशन वेडिंग को एन्जॉय किया।
हंसिका को शाका लाका बूम बूम से प्रसिद्धि मिली
हंसिका मोटवानी ने अपने करियर की शुरुआत चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर की थी। उन्होंने शाका लाका बूम बूम जैसे कई शो से टीवी इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने ऋतिक रोशन की कोई मिल गया में बाल कलाकार के रूप में भी काम किया। इसके बाद हंसिका फिल्म आपका सुरूर में सिंगर हिमेश रेशमिया के साथ मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। हंसिका साउथ इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। वह जल्द ही तमिल फिल्म राउडी बेबी में नजर आएंगी।