ट्रांसजेंडर समुदाय को वैसे तो सरकार की तरफ से मान्यता मिल गई है लेकिन आज भी हमारे समाज में उनको सम्मानजनक स्थान नहीं मिला है। आम तौर पर समुदाय ताली बजाने और बधाइयां देकर मिलने वाली राशि से अपना गुजारा करता है।

लेकिन अब समय बदल रहा है। इस समाज के लोगों ने कई क्षेत्रों में सफलता के नए आयाम खड़े किए हैं। इंटरनेशनल ट्रांसजेंडर डे पर सेलिब्रिटी एक्ट्रेस सुष्मिता सेन ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। सुष्मिता का ये वीडियो लोगों का खूब ध्यान खींच रहा है। 

इस वीडियो में एक्ट्रेस ट्रांसजेंडर गौरी सावंत के साथ नजर आ रही हैं। वीडियो दुनिया को समानता का संदेश देता नज़र आ रहा है। सुष्मिता का ये ब्लैक एंड व्हाइट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

वीडियो में एक ट्रांसजेंडर ताली बजाने पर सवाल उठाता है कि ताली क्यों बजाई जाती है? पैसे क्या मांगे? अपना गुस्सा निकालने के लिए या अपनी घुटन को छिपाने के लिए? जिस पर सुष्मिता वीडियो में एंट्री करती हैं और बड़े ही अनोखे अंदाज में इन सवालों का जवाब देती हैं।

सुष्मिता का कहना है कि ताली हौसला बढ़ाने, नई पहचान देने, आसमान को हिलाने और दिल को दिल से जोड़ने के लिए बजाई जाती है। इस तरह से वीडियो में सुष्मिता दिल को छू लेने वाली स्पीच देते हुए ट्रांसजेंडर कम्युनिटी द्वारा बजाई जाने वाली तालियों का मतलब समझाती नजर आ रही हैं। इंटरनेशनल ट्रांसजेंडर डे पर ट्रांसजेंडर समुदाय के सुष्मिता सेन का ये वीडियो काफी तारीपें बटोर रहा है। इस दिन के लिए इससे बेहतर तोहफा हो ही नहीं सकता।

बता दें कि सुष्मिता सेन की अगली फिल्म ताली ट्रांसजेंडर समुदाय के जीवन पर आधारित है। इस फिल्म में सुष्मिता एक्टिविस्ट गौरी शिंदे का किरदार निभाती नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन रवि जाधव कर रहे हैं। जाधव मराठी सिनेमा का एक जाना-माना नाम हैं।