जब भी नीतीश भारद्वाज की बात होती है, तो दिल और दिमाग में कृष्ण भगवान की छवि उभर आती है। नीतीश भारद्वाज ने बीआर चोपड़ा के टीवी सीरियल महाभारत में भगवान कृष्ण का किरदार निभाया था। इस किरदार ने नीतीश भारद्वाज को रातोंरात स्टार बना दिया था।
नीतीश भारद्वाज को लोगों ने भगवान कृष्ण के किरदार में अपने दिलों में बिठा लिया था। असल जिंदगी में भी लोग उन्हें कृष्ण भगवान मानकर पूजने लगे थे। पर क्या आप जानते हैं कि एक बार हेमा मालिनी और रूपा गांगुली, नीतीश भारद्वाज को पहचान नहीं पाई थीं? भगवान कृष्ण के रोल में नीतीश भारद्वाज ने उन्हें भी गच्चा दे दिया था। यह किस्सा खुद नीतीश ने एक बार सुनाया था।
एक इंटरव्यू में नीतीश भारद्वाज ने बताया था कि एक बार वह विष्णु पुराण में जब भगवान परशुराम के कुछ सीन्स शूट कर रहे थे। वो एपिसोड तब तक ऑन-एयर नहीं हुए थे। सेट पर नीतीश भारद्वाज पूरे विष्णु पुराण वाले अवतार में बैठे थे। उन्होंने विष्णु भगवान की तरह कपड़े पहने थे। तभी सेट पर रूपा गांगुली आईं। रूपा उन दिनों बंगाली फिल्मों में काम कर रही थीं। वह सेट पर रवि चोपड़ा से मिलने आई थीं। नीतीश भारद्वाज ने बताया था कि रूपा गांगुली सेट पर उनके बराबर में ही बैठी थीं। लेकिन यह जाने बगैर कि बगल में नीतीश ही हैं, रूपा पूरे सेट पर एक्टर को खोजती रहीं। नीतीश भारद्वाज भी जान-बूझकर कुछ नहीं बोले। फिर आधे घंटे बाद रूपा गांगुली ने रवि चोपड़ा से नीतीश भारद्वाज के बारे में पूछा। जब पता चला कि नीतीश तो इतनी देर से उनके बगल में ही बैठे थे, तो रूपा गांगुली हैरान रह गईं।
इसी तरह हेमा मालिनी भी एक बार नीतीश भारद्वाज को पहचान नहीं पाई थीं। यह तब की बात है जब नीतीश, हेमा मालिनी के साथ एक फ्लाइट में सफर कर रहे थे। हेमा मालिनी इस बात पर हैरानी जता रही थीं कि भला रवि चोपड़ा ने परशुराम के किरदार के लिए ऐसा ही आर्टिस्ट कैसे ढूंढ लिया, जिसकी आंखें नीतीश भारद्वाज से मिलती हैं। नीतीश भारद्वाज ने ही विष्णु पुराण में भगवान विष्णु के अलावा परशुराम का किरदार निभाया था। नीतीश ने भी हेमा मालिनी को जान-बूझकर कुछ नहीं बताया। उन्होंने हेमा मालिनी से कहा कि रवि चोपड़ा को इस रोल के लिए 50-60 एक्टरों का ऑडिशन लेना पड़ा था। हेमा मालिनी ने इस बात पर विश्वास कर लिया। लेकिन जब सच पता चला तो हेमा मालिनी ने तुरंत ही नीतीश भारद्वाज को फोन किया और मजाकिया लहजे में ताना मारा।