दिग्गज फिल्ममेकर्स राजकुमार संतोषी लंबे समय बाद फिल्म 'गांधी गोडसे एक युद्ध' से बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। बेहद ही चर्चित विषय को लेकर बनाई गई फिल्म 'गांधी गोडसे एक युद्ध' का ट्रेलर 11 जनवरी को रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर में महात्मा गांधी और नाथूराम गोडसे के बीच जबर्दस्त वैचारिक द्वन्द दिखाया गया है। 

फिल्म 'गांधी गोडसे एक युद्ध' के 3 मिनट 10 सेकेंड के ट्रेलर में आजादी के बाद विभाजन की स्थिति के बीच गांधी और गोडसे की विचारधारा को लेकर आपसी टकराव दिखाया गया है। साथ ही विभाजन की विभीषिका के दृश्य भी सिहरन पैदा कर देते हैं।  

ट्रेलर से पहले 2 जनवरी को फिल्म का टीजर सामने आया था। तब से फिल्म के ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। गांधी और नाथूराम गोडसे की अलग-अलग विचार धाराओं को भी ये फिल्म दर्शाती हुई नजर आ रही है। 

फिल्म 26 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। गणतंत्र दिवस पर आज़ादी के बाद की परिस्थितियों को लेकर फिल्म को लेकर उत्सुकता को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि फिल्म सिनेमाघरों में कमाल कर सकती है।