सत्तर और अस्सी के दशक में बॉलीवुड में फिल्मी पर्दे से लेकर लाखों दिलों पर राज करने वालीं जया प्रदा का 3 अप्रैल को 61वां बर्थडे है। जया ने अपनी अदाकारी और खूबसूरती से फिल्मी पर्दे पर आग लगा दी थी। लेकिन बाद में उन्होंने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली और राजनीति में आ गई। जया प्रदा का 70 और 80 के दशक में खूब जलवा था। वह उस समय के डायरेक्टर्स की पहली पसंद हुआ करती थीं।

जया प्रदा की गिनती 80 के दशक की उन हीरोइनों में होती है, जो सबसे तगड़ी फीस पा रही थीं। लेकिन जया प्रदा की जितनी ज्यादा चर्चा फिल्मी करियर को लेकर रही, उससे कही ज्यादा चर्चा निजी जिंदगी की रही। जया प्रदा ने प्रोड्यूसर श्रीकांत नाहटा से शादी की, जिसके कारण एक्ट्रेस की जिंदगी में काफी बवाल मचा था। श्रीकांत नाहटा पहले से ही शादीशुदा थे और उनकी तीन बच्चे भी थे। लेकिन कहावत है ना कि प्यार पर किसका जोर चलता है।

जया प्रदा को पता था कि श्रीकांत शादीशुदा थे। खुद श्रीकांत भी जानते थे कि उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं। बावजूद इसके दोनों एक-दूसरे को दिल दे बैठे और फिर अचानक ही एक दिन शादी का फैसला कर लिया। जया प्रदा और श्रीकांत के लव अफेयर ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री में सनसनी मचा दी थी। बवाल तब मचा जब श्रीकांत ने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना ही जया प्रदा के साथ घर बसाने का फैसला किया।