आदिपुरुष के फाइनल ट्रेलर रिलीज के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसकी वजह से एक नए विवाद ने जन्म ले लिया है। दरअसल तिरुपति में फिल्म का फाइनल ट्रेलर जारी किया गया। ट्रेलर लॉन्च के बाद कृति सेनन, डायरेक्टर ओम राउत और फिल्म की टीम से जुड़े लोग वेंकटेश्वर तिरुमाला मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। यहां ओम राउत ने कृति को गाल पर किस करके उन्हें गले लगाया। धर्मगुरुओं और नेताओं ने इसे रामायण और माता सीता का अपमान बताया। 

अब इसे लेकर रामानंद सागर की रामायण में सीता का रोल करने वाली दीपिका चिखलिया का भी रिएक्शन आया है। दीपिका ने कहा कि कृति को सोचना चाहिए कि वे सीता का रोल कर रही हैं। उन्हें इस किरदार के महत्व के बारे में अभी पता नहीं है। दीपिका ने कहा कि लोगों के लिए सीता जी एक इमोशन की तरह हैं। इसलिए इस रोल की गरिमा को बनाए रखना जरूरी है।

दीपिका ने कहा कि जब वे लोग रामायण की शूटिंग करते थे तो सेट पर किस तो दूर, एक दूसरे से गले भी नहीं मिलते थे। दीपिका चिखलिया ने आज तक से बात करते हुए कहा- मेरा मानना है कि आज की जेनरेशन के एक्टर्स की यही सबसे बड़ी समस्या है। वे न तो किरदार में घुसते हैं और न ही उसकी भावनाओं को समझते हैं। उनके लिए रामायण सिर्फ एक फिल्म है। वे भावनात्मक रूप से इस इस फिल्म के साथ नहीं जुड़ पाए हैं।